Back

झारखण्ड में मॉब लिन्चिंग की घटना अब आम,लातेहार में पंचायत लगाकर पिटाई से एक व्यक्ति की मृत्यु

Brief By Newsbrief / 12:24 AM on 12 Feb 2022



लातेहार(LATEHAR)- थाना क्षेत्र के हेसातु ग्राम में बीती रात अवैध सम्बन्ध मामले में दिनेश सिंह उर्फ दीनू की पिटाई से मौत हो गई. मृतक की पत्नी सूर्यमणि देवी ने बताया कि मेरे पति दिनेश सिंह पर हेसातु गांव के सूर्यदेव सिंह उर्फ चरकु ने अपनी पत्नी के साथ अवैध सम्बन्ध का आरोप लगाकर गुरुवार के दिन में मारपीट किया था. जिसके बाद रात्री में ही गांव में पंचायत बुलाई गई. इसके बाद मेरे पति दिनेश सिंह को भरी पंचायत में मुखिया मालती देवी के पति सोहराई सिंह के आदेश पर ग्रामीण सुखदेव सिंह ,सूरजदेव सिंह, बिहारी सिंह, रामप्रवेश सिंह, दशरथ सिंह, संतोष सिंह, राजकुमार सिंह, लालकेश्वर सिंह,रामदास सिंह  ने लाठी डंडे से मारपीट किया. जिसमें दिनेश सिंह घायल हो गया. 
इक्यावन (51,000) हजार रुपये दंड लगाया
साथ ही साथ पंचायत में उपस्थित मृतक की पत्नी उसकी मां और मृतक के भाई की भी जमकर पिटाई की गई. उसके बाद पंचायत के लोगों ने दबाव बनाकर दिनेश सिंह पर आर्थिक दंड के रूप में इक्यावन (51,000) हजार रुपये दंड लगाया. दंड लगाने के बाद 3100 रुपये की आर्थिक दंड पंचायत में तुरंत दी गई. बाकी पैसा एक सप्ताह में देने का फरमान पंचायत में सुनाया गया. घायल अवस्था मे पंचायत के लोगों द्वारा उसे रात्रि में ही निजी प्रैक्टिसनर सुरेश यादव को बुलाकर इलाज कराया गया. जिसके बाद परिजनों को सौप दिया गया जहां रात्रि में ही दिनेश सिंह की मौत हो गई. शुक्रवार को अहले सुबह घटना की जानकारी हेरहंज थाना पुलिस को मिली. जिसके बाद थाना प्रभारी प्रदीप वर्मा अपने दल बल के साथ हेसातु गांव पहुंचे. इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और अंत्यपरीक्षण के लिए लातेहर भेज दिया. मृतक अपने पीछे दो मासूम बच्चों व पत्नी को छोड़ गया. 
प्राथमिकी दर्ज 
ज्ञात हो कि मृतक थाना क्षेत्र के सेरंदाग पंचायत के खपिया गांव का मूल निवासी है. वह शादी के बाद से अपने ससुराल हेसातु गांव में रहकर जीवन व्यतीत कर रहा था. इधर थाना प्रभारी ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की पत्नी सूर्यमणि देवी द्वारा आवेदन मिला है. जिसमें हेसातु गांव के कई लोगों का नाम दर्ज है. आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. धरपकड़ के लिए लगातार छापामारी अभियान चलाया जा रहा है अभियुक्तों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा . 

Read more on Newsbrief