Brief By hindinews18 / 5:06 PM on 12 Oct 2026
झारखंड में दुर्गा पूजा के उत्सव के बीच मौसम विभाग ने खराब मौसम की चेतावनी जारी की है. 12 और 13 अक्टूबर को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना है. इसे देखते हुए श्रद्धालुओं, पूजा समितियों और प्रशासन को सतर्क रहने की जरूरत है.
मौसम केंद्र रांची के अनुसार, 12 अक्टूबर को रांची, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, लोहरदगा, गुमला और खूंटी समेत आसपास के जिलों में मौसम का असर अधिक रह सकता है. वहीं, 13 अक्टूबर को रांची, रामगढ़, हजारीबाग, लोहरदगा सहित उत्तर-पश्चिमी और मध्य झारखंड के कई क्षेत्रों में मौसम खराब रहने की आशंका है.
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के मुताबिक, पलामू, चतरा, लातेहार, बोकारो, धनबाद समेत कई जिलों में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. तेज हवाओं से पूजा पंडालों की सजावट और अस्थायी संरचनाएं प्रभावित होने की आशंका है.
अगले पांच दिनों में तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. 14 और 15 अक्टूबर को सुबह कोहरा तथा बाद में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं.