Brief By hindinews18 / 6:35 PM on 07 Oct 2026
दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ INDIA ब्लॉक के सांसदों का प्रदर्शन जारी है. जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे विपक्षी सांसदों को दिल्ली पुलिस ने रास्ते में रोक दिया, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को पुलिस ने हिरासत में लिया. प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई महिला सांसदों को भी प्रदर्शन स्थल से हटाने की कोशिश की गई.
विपक्षी सांसदों ने पुलिस पर मारपीट और धक्का-मुक्की का आरोप लगाया. प्रियंका गांधी ने दावा किया कि सांसदों को पीटा गया, जमीन पर गिराया गया और पुलिसकर्मियों ने उन्हें खरोंचा. इसके बाद प्रियंका गांधी समेत कई महिला सांसद शांगरी-ला होटल के पास सड़क पर धरने पर बैठ गईं. प्रियंका के हाथ में संविधान की प्रति भी थी.
इससे पहले विपक्षी सांसद सागर रत्ना में बैठक के बाद बसों से जंतर-मंतर के लिए निकले थे. विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है. INDIA ब्लॉक का आरोप है कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर गंभीर सवाल हैं और यह मामला मतदाताओं के अधिकारों से जुड़ा है.