Brief By Jagran.com / 11:52 AM on 04 Oct 2026
तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है. मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिझगा वेत्री कड़गम (TVK) औपचारिक रूप से INDIA गठबंधन में शामिल हो गई है. शनिवार को चेन्नई स्थित तमिलनाडु कांग्रेस मुख्यालय सत्यमूर्ति भवन में हुई INDIA गठबंधन की बैठक में TVK के प्रतिनिधियों ने पहली बार हिस्सा लिया. पार्टी की ओर से चुनाव प्रबंधन महासचिव और मंत्री आधार अर्जुन तथा वित्त मंत्री मैरी विल्सन बैठक में शामिल हुए. बैठक में कांग्रेस, TVK, CPI(M), CPI, VCK, MDMK और IUML के प्रतिनिधि मौजूद थे. TVK की एंट्री को तमिलनाडु में विपक्षी गठबंधन के नए राजनीतिक समीकरण के रूप में देखा जा रहा है.
तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मणिकम टैगोर ने TVK के INDIA गठबंधन में शामिल होने को 'ऐतिहासिक दिन' बताया. उन्होंने कहा कि विजय की पार्टी के आने से तमिलनाडु में गठबंधन मजबूत होगा. बैठक में TVK के स्वागत को लेकर एक प्रस्ताव भी पारित किया गया. TVK नेता आधार अर्जुन ने भी पार्टी की भागीदारी को गठबंधन का हिस्सा बनने की औपचारिक घोषणा बताया. यह घटनाक्रम इसलिए भी अहम है क्योंकि अभिनेता से राजनेता बने विजय के नेतृत्व वाली TVK अब राज्य की राजनीति के साथ राष्ट्रीय विपक्षी गठबंधन के मंच पर भी अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही है.
बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर भी चर्चा हुई. गठबंधन के नेताओं ने SIR प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की है. INDIA गठबंधन ने 13 और 14 अक्टूबर को तमिलनाडु के जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करने का फैसला किया है, जबकि 15 अक्टूबर को चेन्नई में संयुक्त प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा. गठबंधन दलों का आरोप है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए गए. हालांकि, ये चुनाव आयोग की प्रक्रिया को लेकर गठबंधन दलों की ओर से लगाए गए आरोप हैं.