Back

Asian Games 2026: भारतीय हॉकी टीम ने मलेशिया को 5-1 से रौंदकर जीता गोल्ड, भारत के खाते में 21वां स्वर्ण

Brief By Jagran.com / 5:32 PM on 03 Oct 2026


एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है. भारत ने फाइनल मुकाबले में मलेशिया को 5-1 से हराकर न सिर्फ खिताब जीता, बल्कि अपने गोल्ड मेडल का सफलतापूर्वक बचाव भी किया. पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम अजेय रही. इस जीत के साथ भारत ने लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है. भारतीय हॉकी के इतिहास में यह खास उपलब्धि है, क्योंकि टीम ने पहली बार लगातार दो एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने का कारनामा किया है. इससे पहले भारत ने सेमीफाइनल में पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में 4-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी.

फाइनल मुकाबले की शुरुआत बेहद रोमांचक रही. 11वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला. पहला मौका हाथ से निकलने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने तुरंत दूसरा पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया. इस बार कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दमदार ड्रैग-फ्लिक लगाते हुए मलेशियाई गोलकीपर को छकाया और भारत को बढ़त दिला दी. हालांकि, मलेशिया ने जल्द वापसी की और 14वें मिनट में शेल्लो सिल्वेरियस ने शानदार हाफ-वॉली के जरिए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया. इसके बाद भारतीय टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए मुकाबले पर पूरी तरह अपना दबदबा बना लिया और आखिरकार 5-1 के बड़े अंतर से जीत दर्ज की.

हॉकी टीम के इस गोल्ड के साथ एशियन गेम्स 2026 में भारत के स्वर्ण पदकों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है. 19 सितंबर से शुरू हुए एशियन गेम्स का समापन 4 अक्टूबर को होगा. ऐसे में अब प्रतियोगिता का आखिरी दिन भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है. भारतीय खिलाड़ी अभी कई स्पर्धाओं में पदक की दौड़ में हैं. अब नजर इस बात पर रहेगी कि अंतिम दिन भारत कितने और पदक जीतकर अपने अभियान का समापन करता है.

Read more on Jagran.com