Back

दलमा में सेंदरा को लेकर अहम बैठक, 27 अप्रैल को मनेगा शिकार पर्व

Brief By Newsbrief / 3:16 PM on 20 Apr 2026


जमशेदपुर के परसुडीह स्थित गदड़ा में सोमवार को सेंदरा पर्व को लेकर वन विभाग और दलमा बुरू सेंदरा समिति के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक दलमा राजा राकेश हेंब्रम के आवास पर हुई, जिसमें हर साल सेंदरा के दौरान उत्पन्न होने वाली तनावपूर्ण स्थितियों पर चर्चा की गई।

वन विभाग के रेंजर दिनेश चंद्र ने बैठक में उपस्थित लोगों से अपील की कि सेंदरा पर्व के दौरान जंगली जानवरों का शिकार न किया जाए। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज अपनी परंपरा के अनुसार जंगल जाएं, लेकिन केवल पारंपरिक हथियारों का ही उपयोग करें और जाल या बंदूक लेकर जंगल में प्रवेश न करें।

वहीं दलमा राजा राकेश हेंब्रम ने वन विभाग से आग्रह किया कि पर्व में शामिल होने वाले शिकारियों को परेशान न किया जाए और चेकनाका पर उन्हें रोका न जाए। उन्होंने यह भी कहा कि दलमा की तलहटी में जुटने वाले हजारों लोगों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

बताया गया कि इस वर्ष 27 अप्रैल को दलमा में सेंदरा पर्व मनाया जाएगा, जबकि 25 अप्रैल को दलमा राजा गदड़ा से रवाना होकर फदलोगोड़ा पहुंचेंगे, जहां देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की जाएगी।

Read more on Newsbrief