Brief By Newsbrief / 1:16 PM on 18 Apr 2026
पलामू जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के लटपौरी गांव निवासी ब्रिज किशोर शर्मा, जो पेशे से बढ़ई मिस्त्री थे, एक सड़क हादसे में अपनी जान गंवा बैठे।
जानकारी के अनुसार, ब्रिज किशोर शर्मा रोज की तरह हैदरनगर में काम खत्म कर शुक्रवार की शाम करीब 7 बजे साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हैदरनगर थाना क्षेत्र के खरडीहा मोड़ के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजन उन्हें तुरंत हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।