Brief By Newsbrief / 1:12 PM on 18 Apr 2026
जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में होल्डिंग टैक्स बढ़ोतरी को लेकर सियासत गरमा गई है। मानगो नगर निगम द्वारा लागू नई टैक्स व्यवस्था के विरोध में स्थानीय लोगों के साथ-साथ भाजपा भी खुलकर सामने आ गई है। शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की महानगर इकाई ने डीसी ऑफिस पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि होल्डिंग टैक्स की गणना में बदलाव कर 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की गई है, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उनका कहना है कि इस फैसले से फ्लैट में रहने वाले परिवार, छोटे दुकानदार, मकान मालिक और मध्यम वर्गीय व्यवसायी सबसे अधिक प्रभावित होंगे।
प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने मानगो की बदहाल बुनियादी सुविधाओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इलाके में अब तक पानी, सड़क, सफाई और ड्रेनेज जैसी सुविधाएं पूरी तरह दुरुस्त नहीं हैं, ऐसे में टैक्स बढ़ाना अनुचित है।
इसके साथ ही बढ़ती गर्मी में जल संकट को गंभीर बताते हुए भाजपा ने मांग की कि जब तक मूलभूत सुविधाओं में सुधार नहीं होता, तब तक टैक्स वृद्धि लागू न की जाए। पार्टी ने चेतावनी दी कि अगर फैसला वापस नहीं लिया गया, तो जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।