Brief By Newsbrief / 4:09 PM on 19 Jan 2026
सरायकेला : जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 16 जनवरी 2026 को आदित्यपुर बस्ती निवासी दीपक मिश्रा द्वारा दर्ज कराए गए मामले के आधार पर की गई। शिकायत के आलोक में आदित्यपुर थाना कांड संख्या 19/26 दर्ज किया गया था, जिसमें भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीकृत किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने 17 जनवरी 2026 को ओल्ड विद्युत नगर, आदित्यपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर 24 वर्षीय राहुल पंडित को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक देशी पिस्टल और एक स्मार्ट फोन बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस रिकॉर्ड में उसका आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वर्ष 2023 और 2024 में भी उस पर आदित्यपुर थाना में आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जबकि अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।