Brief By Newsbrief / 1:53 PM on 19 Jan 2026
समाचार: रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 61 दिनों से लापता 12 वर्षीय कन्हैया कुमार को कोडरमा से सुरक्षित बरामद किया गया। कन्हैया 22 नवंबर 2025 को ओरमांझी इलाके से अचानक लापता हो गया था। उसके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है, पिता शारीरिक रूप से अक्षम हैं और बड़े भाई की एक किडनी खराब है। कन्हैया कक्षा तीन का छात्र है और शाम के समय मां की फुचका दुकान में हाथ बंटाता था।
रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने सात राज्यों में लगातार छापेमारी की। गुप्त सूचना मिलने के बाद बच्चे को कोडरमा से सकुशल बरामद किया गया।
साथ ही पुलिस ने अंतरराज्यीय बच्चा चोर गिरोह का भी भंडाफोड़ किया, जो अपहरण के बाद बच्चों से भीख मंगवाने और मानव तस्करी जैसी अवैध गतिविधियों में लिप्त था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, डीजीपी तदाशा मिश्रा और एडीजी सीआईडी मनोज कौशिक के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।