Brief By Newsbrief / 12:39 PM on 09 Jan 2026
रामगढ़ : रामगढ़ सिविल कोर्ट से कुख्यात शूटर शिव शर्मा को बड़ी कानूनी राहत मिली है। कोर्ट परिसर में हुए हंगामा और मारपीट के मामले में अदालत ने उसे जमानत प्रदान कर दी है। यह आदेश रामगढ़ सिविल कोर्ट के अपर प्रधान न्यायाधीश विशाल श्रीवास्तव की अदालत ने सुनाया। अदालत ने शिव शर्मा को 10-10 हजार रुपये के दो निजी मुचलकों पर जमानत दी है।
शिव शर्मा की ओर से अधिवक्ता अमन कुमार राहुल ने अदालत में पक्ष रखा, जिसके बाद न्यायालय ने मामले की सुनवाई करते हुए जमानत का आदेश पारित किया। जमानत मिलने के बाद अब शिव शर्मा के जेल से बाहर आने की संभावना काफी बढ़ गई है।
गौरतलब है कि यह मामला उस समय का है, जब एक केस की सुनवाई के दौरान रामगढ़ सिविल कोर्ट परिसर में शिव शर्मा और कुख्यात विकास पांडेय गिरोह के लोगों के बीच विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया, जिससे पूरे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई थी। कुछ समय के लिए अदालत का माहौल भी तनावपूर्ण हो गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रामगढ़ थाना में कांड संख्या 317/2025 दर्ज की थी। पुलिस ने इस मामले में दो दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब शिव शर्मा को जमानत मिलने के बाद पूरे इलाके में इस फैसले को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।