Brief By Newsbrief / 5:49 PM on 03 Jan 2026
दुमका :जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब दिनदहाड़े बैंक से निकासी कर लौट रहे लोगों को भी निशाना बनाया जा रहा है। ताजा मामले में विशाल इंटरप्राइजेज के मालिक राजेश भगत ने हंसडीहा स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा से 4 लाख 50 हजार रुपये की निकासी की थी। दुकान पहुंचने के बाद उन्होंने पहले से निकाले गए 70 हजार रुपये अलग कर शेष 3 लाख 80 हजार रुपये अपने पिता नंदलाल भगत को सौंपे।
जैसे ही नंदलाल भगत उक्त राशि लेकर घर की ओर रवाना हुए, पहले से घात लगाए अपाचे बाइक सवार दो अपराधियों ने झपट्टा मारकर रुपये छीन लिए और फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित कुछ समझ पाते, उससे पहले ही अपराधी आंखों से ओझल हो चुके थे।
सूचना मिलते ही हंसडीहा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इस घटना से स्थानीय व्यवसायियों और आम लोगों में भय का माहौल है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।