Back

घटिया पीसीसी सड़क पर भड़के ग्रामीण, भ्रष्टाचार के आरोप

Brief By Newsbrief / 2:35 PM on 03 Jan 2026


पाकुड़: जिले के हिरणपुर प्रखंड अंतर्गत मंझलाडी गांव में मुख्य सड़क से कब्रिस्तान तक बन रही पीसीसी सड़क में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों में जबरदस्त नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार नहीं किया जा रहा है और खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार सड़क की नींव में GSB की जगह मिट्टी और धुले हुए पत्थरों का इस्तेमाल किया गया है। वहीं कंक्रीट की मात्रा भी मानक से कम रखी गई है। सड़क को ऊंचा दिखाने के लिए बीच में धुला भरकर काम चलाया गया, जिससे सड़क की गुणवत्ता और मजबूती पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि निर्माण स्थल पर न तो कोई सूचना बोर्ड लगाया गया है और न ही कार्य से संबंधित एस्टीमेट सार्वजनिक किया गया। कनीय अभियंता की अनुपस्थिति में ही आनन-फानन में ढलाई कर दी गई, जिससे पूरे कार्य पर संदेह और गहरा गया है।

घटिया निर्माण को लेकर गांव में बैठक कर ग्रामीणों और ग्राम प्रधान ने इसे सरकारी राशि की लूट बताया और जिला उपायुक्त को लिखित शिकायत सौंपी। ग्रामीणों ने उच्चस्तरीय जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और सड़क को तोड़कर मानक के अनुसार पुनर्निर्माण की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं होने पर वे आंदोलन करेंगे।

Read more on Newsbrief