Brief By Newsbrief / 5:43 PM on 02 Jan 2026
पलामू : जिले में 1 जनवरी से 31 जनवरी तक “सीख से सुरक्षा, टेक्नोलॉजी से बदलाव” थीम के तहत सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है. इस दौरान लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रशासन लगातार नए और सकारात्मक प्रयोग कर रहा है.
इसी क्रम में शुक्रवार को शहर के छःमुहान चौक पर ट्रैफिक पुलिस और जिला परिवहन विभाग ने एक अनोखी पहल की. बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले और बिना सीट बेल्ट कार चलाने वाले वाहन चालकों को रोका गया, लेकिन चालान की जगह उन्हें गेंदे के फूलों की माला पहनाकर प्यार से यातायात नियमों की जानकारी दी गई. वहीं, जो लोग नियमों का पालन करते हुए हेलमेट पहनकर वाहन चला रहे थे, उन्हें गुलाब का फूल देकर धन्यवाद कहा गया.
इस अवसर पर ट्रैफिक प्रभारी सतेंद्र दुबे ने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे मजबूत कवच हैं. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी समीरा एस ने कहा कि अभी जागरूकता पर जोर दिया जा रहा है, लेकिन इसके बाद भी नियमों की अनदेखी करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा. उन्होंने सभी नागरिकों से सुरक्षित भविष्य के लिए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की.