Back

नववर्ष की खुशियां मातम में बदलीं: पेट्रोल पंप पर तेज रफ्तार कार ने युवक को कुचला, जन्मदिन से पहले गई जान

Brief By Newsbrief / 2:33 PM on 02 Jan 2026


रांची : नए साल का जश्न उस समय मातम में बदल गया, जब 31 दिसंबर 2025 की देर रात बिरसा चौक स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ. लंका कॉलोनी निवासी ऑटो चालक फूलचंद तिर्की के इकलौते पुत्र विवेक कुमार तिर्की की पेट्रोल पंप पर ही दर्दनाक मौत हो गई. विवेक अपनी स्कूटी में पेट्रोल भरवाने पेट्रोल पंप पहुंचा था. इसी दौरान तेज रफ्तार से आई एक कार ने उसे कुचल दिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि विवेक की मौके पर ही मौत हो गई और कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई. लोगों ने तुरंत युवक को संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरी वारदात कैद है. बताया जा रहा है कि विवेक एक गरीब परिवार का इकलौता बेटा था और 1 जनवरी को उसका जन्मदिन था. वह रात में अपने जन्मदिन के लिए केक खरीदने निकला था, लेकिन यह उसकी आखिरी यात्रा साबित हुई.

घटना की सूचना मिलते ही परिजन जगन्नाथपुर थाना पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार कार चालक और वाहन की पहचान की जा रही है.

Read more on Newsbrief