Brief By Newsbrief / 11:06 AM on 10 Jun 2026
धनबाद : धनबाद पुलिस अब अपराध और अपराधियों के खिलाफ पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है. जिला पुलिस मुख्यालय में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी प्रभात कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और जरूरत पड़ने पर पुलिस गोली का जवाब गोली से देगी. उन्होंने बताया कि संगठित अपराधी गिरोहों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है, जो लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रही है.
बैठक में सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, सभी एसडीपीओ, डीएसपी, थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी मौजूद रहे. इस दौरान अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन, अवैध हथियारों की बरामदगी और मोहर्रम पर्व की सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई. एसएसपी ने कहा कि प्रिंस खान समेत सभी संगठित अपराधी गिरोह पुलिस की निगरानी में हैं और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा.
गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर भी पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है. एक माह के भीतर 1000 मोबाइल फोन बरामद करने का लक्ष्य तय किया गया है, जिसमें अब तक करीब 300 मोबाइल बरामद किए जा चुके हैं.
मई माह में जिले में 420 कांड दर्ज हुए, जबकि 470 मामलों का निष्पादन किया गया. 1250 पुराने मामलों में चार्जशीट या अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में जमा कराया गया. साथ ही 1277 लंबित वारंटों का निष्पादन कर 25 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने अगले दो माह में लंबित मामलों की संख्या 1600 से नीचे लाने का लक्ष्य रखा है. मोहर्रम को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए हैं.