Brief By Newsbrief / 12:08 PM on 13 Jan 2026
बिहारशरीफ : इतवारी बाजार मोहल्ले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक आरोपित ने नाबालिग भाई-बहन को बंधक बनाकर एक कमरे में बंद कर दिया और उनके साथ जमकर मारपीट की। बच्चों ने बताया कि आरोपित उन पर 70 हजार रुपये चोरी करने का आरोप लगा रहा था और लगातार रुपये लौटाने का दबाव बना रहा था।
पीड़ित बच्चों के मुताबिक, आरोपित ने उन्हें डराया-धमकाया और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों को शक हुआ, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों को कमरे से मुक्त कराया।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपित फरार हो गया। बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनके परिजनों को सूचना दी गई। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपित की तलाश की जा रही है। साथ ही, बच्चों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।